जिला बलौदाबाजार

वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 13 चोरी के वाहन बरामद, 3 गिरफ्तार

लाइव भारत 36न्यूज़ से रायपुर संभाग धीरेन्द्र साहू



रायपुर -: बलौदाबाजार जिले के सिमगा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरोधी किशोर के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 13 चोरी के वाहन, जिनमें 11 दोपहिया और 2 मालवाहक वाहन शामिल हैं, बरामद किए हैं।
         पुलिस के मुताबिक 4 अगस्त को सिमगा के सब्जी मार्केट से एक स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रार्थिया टेमप्रिया सोनवानी की स्कूटी क्रमांक CG-22-Y-1401 चोरी होने के बाद थाना सिमगा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
      पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम ने सिमगा कस्बे में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की स्कूटी को पैदल ले जाते हुए नजर आया। इसके बाद पुलिस ने सिमगा से भाटापारा, हथबंद और सुहेला मार्ग पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। CCTV फुटेज के साथ मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर घेराबंदी करते हुए उन्हें पकड़ा।

विधि विरोधी किशोर से कराते थे रेकी और चोरी

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह द्वारा भीड़भाड़ वाले बाजार और मार्केट क्षेत्रों को निशाना बनाया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा एक विधि विरोधी किशोर का इस्तेमाल कर वाहनों की रेकी कराई जाती थी और उसके जरिए वाहन चोरी करवाए जाते थे। चोरी किए गए वाहनों, उनके पार्ट्स आदि को आपस में खपाने का काम किया जाता था।

गिरोह द्वारा मुख्य रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा, रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले के बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को निशाना बनाया जाता था। पुलिस के अनुसार, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में आरोपियों के खिलाफ पहले से 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि आसपास के जिलों में भी वाहन चोरी के कई मामले सामने आए हैं।
       पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 13 वाहन बरामद किए हैं। इनमें 11 दोपहिया वाहन, जिनमें स्कूटी, मोटरसाइकिल और TVS एक्सेल शामिल हैं। इसके अलावा एक ई-रिक्शा और एक मालवाहक वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने एक अतिरिक्त बैटरी भी जब्त की है।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में भागीरथी बंजारे (42), निवासी ग्राम घिरधोल, थाना पलारी; लव कुमार मरकाम (38), निवासी ग्राम अर्जुनी, थाना भाटापारा ग्रामीण और तरुण कुमार साहू (32), निवासी ग्राम अर्जुनी, थाना भाटापारा ग्रामीण को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में विधि विरोधी किशोर के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत BNS की संबंधित धाराओं, किशोर न्याय अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को 9 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस की आम जनता से अपील

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पुरानी या सेकंड हैंड गाड़ी खरीदते समय उसके मूल दस्तावेज, RC, बीमा और वाहन मालिक की पहचान का पूरी तरह सत्यापन करें। बिना वैध दस्तावेज या बेहद कम कीमत में किसी अनजान व्यक्ति से वाहन खरीदने से बचें। संदिग्ध वाहन या वाहन बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें

Related Articles