Blog

पत्रकार संघ और समाजसेवियों ने विधायक विष्णु खत्री का साफा बांधकर किया सम्मान, पुष्पमालाओं व शाल-श्रीफल से जताया आभार

बैरसिया-भोपाल फोरलेन की राह हुई आसान, मुख्यमंत्री ने की घोषणा


रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया-भोपाल मार्ग पर आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं और इनमें होने वाली जनहानि को लेकर उठ रही फोरलेन की मांग को आखिरकार बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैरसिया-भोपाल मार्ग को शीघ्र फोरलेन बनाने की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है। घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है।गौरतलब है कि बैरसिया पत्रकार संघ ने कुछ दिन पूर्व बैरसिया-भोपाल मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर स्थानीय सांवलिया मंदिर से रैली निकाली थी। पत्रकारों ने तहसील कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन करते हुए एसडीएम बैरसिया के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर मार्ग को फोरलेन किए जाने की मांग उठाई थी। पत्रकार संघ ने मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और बढ़ती जनहानि को देखते हुए इस मांग को प्रमुखता से उठाया था।

विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखी मांग

2 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैरसिया के संदीपनी ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री ने बैरसिया पत्रकार संघ की मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष बैरसिया-भोपाल मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक विष्णु खत्री की मांग को स्वीकार करते हुए मंच से बैरसिया-भोपाल मार्ग को शीघ्र फोरलेन बनाने की घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री की घोषणा होते ही कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
पत्रकारों और समाजसेवियों ने किया विधायक का सम्मानफोरलेन की घोषणा के बाद सोमवार को बैरसिया पत्रकार संघ के सभी पत्रकारों एवं नगर के समाजसेवियों ने विधायक विष्णु खत्री के निवास पहुंचकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विधायक विष्णु खत्री को साफा बांधकर पुष्पमालाएं पहनाई गईं तथा शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।पत्रकार संघ एवं समाजसेवियों ने फोरलेन की बहुप्रतीक्षित मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने और उसे मंजूरी दिलाने के लिए विधायक विष्णु खत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पत्रकारों और समाजसेवियों ने कहा कि बैरसिया-भोपाल मार्ग के फोरलेन होने से आवागमन सुगम होगा तथा दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।

Related Articles