33 केवी केबल चोरी से बैरसिया की प्यास पर संकट: जलापूर्ति ठप, हजारों नागरिक परेशान

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।। ग्राम विरहा श्यामखेड़ी स्थित विरही डेम से संचालित फिल्टर प्लांट की विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण पूरे बैरसिया नगर की जलापूर्ति ठप हो गई है। 16-17 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने 33 केवी विद्युत लाइन की डीपी से पूरा केबल चोरी कर लिया, जिससे पेयजल व्यवस्था अचानक प्रभावित हो गई और हजारों नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विरही डेम से फिल्टर प्लांट के माध्यम से बैरसिया नगर में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। केबल चोरी होने से प्लांट की बिजली सप्लाई बंद हो गई, जिसके चलते पानी का शोधन और वितरण कार्य रुक गया। परिणामस्वरूप नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी।
इस घटना ने महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस विद्युत लाइन पर पूरे नगर की जलापूर्ति निर्भर है, उसकी सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक चिंताजनक है। लोगों ने प्रशासन से पूछा है कि आखिर इतनी महत्वपूर्ण व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
नगरवासियों ने मांग की है कि केबल चोरी करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, विद्युत एवं जलापूर्ति तंत्र की सुरक्षा मजबूत की जाए तथा वैकल्पिक व्यवस्था कर नगर में शीघ्र जलापूर्ति बहाल की जाए।
जनहित का विषय होने के कारण नागरिकों की निगाहें अब प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि जिम्मेदार विभाग जल्द समाधान निकालकर बैरसिया की पेयजल व्यवस्था को सामान्य करेंगे





