कोरबा

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में गूंजी पोषण स्वास्थ्य और जागरूकता की बातें, वार्ड 10 की पंच ममता ओगरे रहीं मुख्य अतिथि



संवाददाता मोहन चौहान लाइव भारत 36 न्यूज़

हरदी बाजार, जिला कोरबा। 25 सितंबर 2026 शुक्रवार को बच्चों, माताओं और समुदाय के बीच आपसी संवाद, सहभागिता एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 10 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 10 की पंच श्रीमती ममता ओगरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।



कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य, पौष्टिक आहार, ‘मेरी पौष्टिक थाली’, पौष्टिक व्यंजनों की विधि एवं प्रदर्शन, पौष्टिक सब्जियों की जानकारी सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की गई। बच्चों के लिए खेल, मनोरंजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इसके साथ ही न्योता भोज, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता तथा स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण जैसी गतिविधियां कार्यक्रम का हिस्सा रहीं।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को लेकर भी महिलाओं को जानकारी दी गई। गर्भवती एवं धात्री माताओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता, योजना की जानकारी तथा पंजीयन की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की गई।

मुख्य अतिथि ममता ओगरे ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य तथा शासन की योजनाओं से मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं की बातों को सुना और योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने की बात कही।

कार्यक्रम में जयंती ओगरे, अन्नू कंवर एवं अनीता जी की उपस्थिति रही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में उत्तरी मधुकर, हेमलता राठौर एवं मथुरा राठौर तथा सहायिकाओं में गंगा खाण्डे, जमुना ओगरे एवं देवकी नंदनी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर वार्डवासी एवं क्षेत्र की महिलाएं भी उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागी बनीं।

आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, माताओं और समुदाय को एक साथ जोड़ते हुए पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सहभागिता विशेष रूप से देखने को मिली।

Related Articles