Blog

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन समस्या निवारण शिविर आयोजित

किसानों का फोटो गुस्सा बैरसिया में सोयाबीन की फसल बर्बाद
रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया मंडी प्रांगण में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री एवं भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चेतन कश्यप ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्र के किसानों ने सोयाबीन की फसल में पीला मोजेक रोग लगने से फसल खराब होने की समस्या भी मंत्री के समक्ष रखी। किसानों ने बताया कि पीला मोजेक के कारण उनकी सोयाबीन की फसल को काफी नुकसान हुआ है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने प्रभावित फसल का सर्वे कराकर फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग की।

किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई एवं फसल के बचाव के संबंध में जानकारी देने को कहा गया। कृषि विभाग द्वारा किसानों को बताया गया कि सोयाबीन सहित फसलों से संबंधित समस्याओं के समाधान एवं आवश्यक कृषि सलाह के लिए किसान कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क किया जा सकता है। किसान अपनी फसल से संबंधित समस्या दर्ज कराकर कृषि विशेषज्ञों से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर बैरसिया विधायक विष्णु खत्री एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती तनुश्री कुलदीप सिंह राठौड़ सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों और किसानों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
भोपाल कलेक्टर प्रियांक मिश्रा ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कर उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसेवा के इसी संकल्प के साथ शासन-प्रशासन निरंतर जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।

Related Articles