स्वतंत्रता दिवस पर शहीद परिवार के घर पहुंचा तहसीलदार , पत्नी का किया सम्मान

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया। देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए बैरसिया तहसीलदार आदित्य जगले एवं नायब तहसीलदार राजेंद्र त्यागी शहीद रमेश कुमार सेन के वार्ड क्रमांक 16 स्थित निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद की पत्नी लक्ष्मी सेन का सम्मान कर शहीद परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर परिवार के सदस्यों ने भी अपने शहीद पिता को भावुक होकर याद किया। बच्चों का कहना था कि स्वतंत्रता दिवस पर पिता की याद और भी गहरी हो जाती है, लेकिन सच यह है कि पिता को हम किसी एक दिन नहीं, बल्कि हर दिन याद करते हैं। उनकी यादें और देश के लिए दिया गया बलिदान हमेशा हमारे साथ है।
शहीद रमेश कुमार सेन के परिवार में उनकी पत्नी श्रीमती लक्ष्मी सेन, दो बेटे ऋषभ सेन और रोहित सेन तथा बेटी बबली सेन हैं। बड़ा बेटा ऋषभ अपनी मां के साथ रहता है, जबकि रोहित सेन भी भारतीय सेना में सेवाएं देकर देश की रक्षा में अपना योगदान दे रहा है। पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए बेटे का देशसेवा में होना पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है।
तहसीलदार आदित्य जगले एवं नायब तहसीलदार राजेंद्र त्यागी ने परिवार से मुलाकात कर शहीद के त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके परिवारों का सम्मान करना समाज और शासन की जिम्मेदारी है।
शहीद रमेश कुमार सेन का बलिदान आज भी उनके परिवार की यादों में जीवंत है। स्वतंत्रता दिवस पर किया गया यह सम्मान उस वीर सपूत को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिसने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।




