आसमान की ऊंचाइयों पर बलौदा बाजार की बेटी : शिवांशी केसरवानी बनीं क्षेत्र की पहली कमर्शियल पायलट

रायपुर :- सपनों को पंख मिले तो आसमान भी छोटा पड़ जाता है। बलौदाबाजार जिले की होनहार बेटी शिवांशी केसरवानी ने अपने हौसले, मेहनत और लगन से ऐसा ही कर दिखाया है। अमेरिका में पायलट ट्रेनिंग पूरी कर उन्होंने कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ शिवांशी बलौदाबाजार की पहली कमर्शियल पायलट बनने का गौरव हासिल करने वाली बेटी के रूप में सामने आई हैं।
अमेरिका में हासिल किया प्रशिक्षण
शिवांशी ने विमानन क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए देश से हजारों किलोमीटर दूर अमेरिका में प्रशिक्षण हासिल किया। कठिन प्रशिक्षण, लगातार अभ्यास और अनुशासन के बाद उन्होंने कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त किया।
बलौदाबाजार क्षेत्र के लिए गर्व का विषय
शिवांशी की यह उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बलौदाबाजार क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पायलट ट्रेनिंग हासिल करना और फिर CPL प्राप्त करना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत को दर्शाता है।




