पैसों के लेनदेन में विवाद ने लिया खूनी रूप, कैंची से हमला कर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

धीरेन्द्र साहू
रायपुर ///बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक-2 स्थित नया गोरधा में पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। कैंची से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी निवासी फिरतू यादव और सनी पैकरा (34 वर्ष) अपनी-अपनी गुमटी में दुकान संचालित करते थे। बुधवार शाम करीब 4 बजे दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी फिरतू यादव ने गुस्से में आकर सनी पैकरा पर कैंची से हमला कर दिया।
हमले में सनी पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फिरतू यादव को हिरासत में ले लिया है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




