छत्तीसगढ़

लखपति दीदी का सपना दिखाने वाली बिहान योजना की महिला कैडर खुद बेहाल! मानदेय भी हर महीने नहीं, आखिर कब सुधरेंगे हालात?

महज 1,910 रुपये से लेकर 4 हजार रुपये तक मानदेय पाने वाली महिला कैडरों की दोहरी परेशानी;अधिक पारिश्रमिक के साथ भुगतान में अनियमितता, जेब से खर्च कर निभा रहीं जिम्मेदारी

सारंगढ़। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार से जोड़ने और गांव-गांव में लखपति दीदी तैयार करने के उद्देश्य से संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) योजना के जमीनी क्रियान्वयन में जुटी महिला कैडरों की अपनी आर्थिक स्थिति ही चिंता का विषय बनती जा रही है। विडंबना देखिए, जिन महिलाओं के कंधों पर ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की जिम्मेदारी है, वही महिलाएं अपने मानदेय के लिए परेशान हैं। कम मानदेय तो एक समस्या है ही, ऊपर से मानदेय का भुगतान भी प्रत्येक महीने नियमित रूप से नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

बिहान योजना के अंतर्गत पंचायत और कलस्टर स्तर पर सक्रिय महिला, पशु सखी, कृषि मित्र, आरबीके (RBK), जेंडर सखी और पोषण सखी जैसी महिलाएं अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार सक्रिय महिला, पशु सखी और कृषि मित्र को 1,910 रुपये प्रतिमाह, आरबीके को 2,700 रुपये एवं कुछ अतिरिक्त राशि तथा जेंडर सखी और पोषण सखी को 4,000 रुपये मानदेय मिलने की जानकारी है। लेकिन परेशानी केवल मानदेय की कम राशि तक सीमित नहीं है। कैडरों का कहना है कि भुगतान हर महीने नियमित रूप से नहीं होने के कारण घरेलू खर्च और आर्थिक जरूरतों को पूरा करना और भी मुश्किल हो जाता है।

63 रुपये रोजाना भी नसीब नहीं, भुगतान के लिए भी इंतजार!

यदि 1,910 रुपये मासिक मानदेय को प्रतिदिन के हिसाब से देखें तो यह लगभग 63 रुपये बैठता है। लेकिन जब यही राशि भी हर महीने समय पर नहीं मिलती, तो इन महिलाओं के सामने आर्थिक संकट और गहरा जाता है। बढ़ती महंगाई में परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतें और रोजमर्रा की जिम्मेदारियां निभाना आसान नहीं है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि इतने कम मानदेय और अनियमित भुगतान के बीच ये महिलाएं अपना परिवार कैसे चलाएं?

काम का दबाव पूरा, लेकिन मानदेय का भरोसा नहीं!

कैडरों को स्व-सहायता समूहों की बैठकों में सहयोग, महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देना, कृषि एवं पशुपालन संबंधी मार्गदर्शन और गांवों में जागरूकता जैसे कई कार्य करने पड़ते हैं। इसके अलावा महीने में दो से तीन बार जनपद पंचायत और क्लस्टर स्तर की बैठकों में भी शामिल होना पड़ता है। इन बैठकों में आने-जाने का किराया, भोजन और अन्य खर्च कई बार स्वयं उठाने पड़ते हैं। यानी जिम्मेदारियां निभाने के लिए अपनी जेब से खर्च, ऊपर से मानदेय के भुगतान का इंतजार!

महिला सशक्तिकरण के दावों के बीच कैडरों की अनदेखी क्यों?

सरकार महिला सशक्तिकरण, आर्थिक स्वावलंबन और लखपति दीदी अभियान को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन इसी अभियान को गांवों तक पहुंचाने वाली महिला कैडरों की आर्थिक परेशानियों पर भी गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। आखिरकार जो महिलाएं दूसरी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में दिन-रात जुटी हैं, उन्हें खुद आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक पारिश्रमिक कब मिलेगा?

अब जिम्मेदार अधिकारियों से सीधे सवाल!

महिला कैडरों की मांग है कि मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की जाए, प्रत्येक महीने निश्चित तारीख पर भुगतान सुनिश्चित हो, बकाया मानदेय का समय पर निराकरण किया जाए और जनपद एवं क्लस्टर स्तर की बैठकों में आने-जाने के लिए यात्रा भत्ता भी दिया जाए।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिहान योजना के जिम्मेदार अधिकारी इन महिलाओं की समस्याओं को कब गंभीरता से लेंगे? क्या मानदेय के लिए हर महीने इंतजार करना ही इन महिला कैडरों की नियति बनकर रह जाएगा? आखिर लखपति दीदी बनाने के अभियान में जुटी इन महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने की पहल कब होगी?

दूसरों को आत्मनिर्भर बनाने वाली महिलाएं खुद अपने मानदेय के लिए परेशान हैं। महिला सशक्तिकरण की सफलता तभी सार्थक होगी, जब इन जमीनी महिला कार्यकर्ताओं को भी सम्मानजनक पारिश्रमिक और समय पर भुगतान मिलेगा।

Related Articles