छत्तीसगढ़

मंत्री टंकराम वर्मा पहले भाजपा को संभालें, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की अफवाह न फैलाएं : गोपाल बाघे

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री गोपाल बाघे ने प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री पहले अपनी पार्टी भाजपा को संभालें, उसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की बात करें।
गोपाल बाघे ने कहा कि जिले में भाजपा की अंदरूनी स्थिति ठीक नहीं है। सालर मंडल अध्यक्ष रामकुमार थूरिया पहले ही प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के कार्यों को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। वहीं, हाल ही में सारंगढ़ मंडल अध्यक्ष जय बानी के भाजपा से इस्तीफा देने की बात भी सामने आई है। ऐसे में भाजपा को अपने संगठन की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।
बाघे ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से 50 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की अफवाह फैलाई जा रही है, जबकि जिन व्यक्तियों के नाम इस चर्चा से जोड़े जा रहे हैं, उनका कांग्रेस से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की खबरें फैलाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को अफवाहों के सहारे राजनीति करने के बजाय अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। आगामी नगरीय निकाय चुनाव में जनता के मुद्दों और विकास कार्यों पर चर्चा होनी चाहिए, न कि भ्रामक खबरों के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जानी चाहिए।

Related Articles