Blog

मेंगरा कलां में उमड़ा आस्था का सैलाब, आकर्षक झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र पंडित कैलाश नारायण बैरागी

रिपोर्टर विनय पटेल

बैरसिया के मेंगरा कलां मे ढोल की थाप, डीजे की गूंज, चारों ओर लहराती धर्मध्वजाएं, आकर्षक विद्युत सज्जा से सजे भगवान गणेश के रथ और हजारों श्रद्धालुओं के बीच गूंजता एक ही जयघोष – ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’
अनंत चतुर्दशी के दूसरे दिन शनिवार को मेंगरा कलां में निकला गणेश विसर्जन चल समारोह आस्था, भक्ति और उत्साह का ऐसा संगम बना कि देर रात तक पूरा ग्राम गणपति की भक्ति में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से अपने आराध्य को विदाई दी।
झांकियां समिति के तत्वावधान में आयोजित चल समारोह की शुरुआत रात्रि करीब 9:00 बजे स्थानीय हनुमान मंदिर, साहू मोहल्ला एवं टंकी के राजा से गाड़ी राम जानकी मंदिर से हुई। इससे पहले राम जानकी मंदिर के पंडित अंशुल वैरागी एवं ग्राम के कुल पुरोहित जितेंद्र मनावत पंडित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और महाआरती कराई। ग्राम के पटेल हिम्मत सिंह राजपूत ने काचेरी चौक में अन्य लोगों के साथ पूजा-अर्चना के बाद चल समारोह को रवाना किया।

धर्मध्वजा सबसे आगे

चल समारोह जैसे ही काचेरी चौक से प्रमुख मार्गों पर निकला, श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। धर्मध्वजा लेकर चल रहे लोगों ने सबसे आगे मोर्चा संभाला। इसके पीछे भगवान गणेश का आकर्षक रथ और विभिन्न चलित झांकियां चल रही थीं। सजी-धजी झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा और मार्ग के दोनों ओर खड़े श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन करते नजर आए।

वहीं ढोल की थाप और डीजे की धुन पर थिरकती युवाओं की टोलियां पूरे माहौल में उत्साह भर रही थीं। जगह-जगह आतिशबाजी और जयघोष के बीच चल समारोह आगे बढ़ता रहा।

ग्राम के प्रमुख मार्गों पर लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों से भगवान गणेश पर पुष्पवर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया। कई स्थानों पर भगवान गणेश की आरती उतारकर प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी ग्रामवासी समारोह में शामिल हुए। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।

Related Articles