कोरबा

नेवसा के देवस्थल नेवसा पाठ में विधायक प्रेमचंद पटेल ने दी विकास की नई सौगात




संवाददाता मोहन चौहान लाइव भारत 36 न्यूज़

53.25 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सुविधा

25 सितंबर 2026 | पाली, जिला कोरबा। ग्राम पंचायत नेवसा स्थित प्रसिद्ध देवस्थल नेवसा पाठ में शुक्रवार को विकास कार्यों की नई सौगात मिली। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के सम्माननीय विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने देवस्थल में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद 53 लाख 25 हजार 882 रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।



देवस्थल नेवसा पाठ में धार्मिक आस्था के चलते श्रद्धालुओं का नियमित रूप से आना-जाना रहता है। विशेष अवसरों और नवरात्रि के दौरान यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही और बढ़ जाती है। ऐसे में प्रस्तावित विकास कार्यों से देवस्थल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।


यहां 19 लाख 59 हजार 488 रुपये की लागत से सामुदायिक भवन सह आहाता निर्माण, 16 लाख 11 हजार 624 रुपये की लागत से तालाब गहरीकरण एवं पचरी निर्माण तथा 17 लाख 54 हजार 770 रुपये की लागत से 620 मीटर सीसी रोड निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों की कुल लागत 53 लाख 25 हजार 882 रुपये है।

सामुदायिक भवन बनने से देवस्थल में आयोजित होने वाले सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए स्थान उपलब्ध होगा। तालाब गहरीकरण एवं पचरी निर्माण से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए तालाब की उपयोगिता बढ़ेगी। वहीं सीसी रोड निर्माण से देवस्थल तक पहुंचने वाले लोगों के आवागमन को सुविधा मिलेगी।



भूमिपूजन के दौरान ग्रामीणों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में शिवलाल यादव, जमुना यादव, रामकुमार राठौर, लक्ष्मण प्रसाद यादव, हीरालाल पटेल, हीरामन पटेल, कृष्णा साहू, रफीक खान, मुनेश्वर केवट, दुकालू पटेल, व्यास नारायण पटेल, विजय राठौड़, बुधराम, रोहित राठौर, अनसूया राठौर, अमृता यादव, रितेश अग्रवाल एवं श्रवण कुमार यादव सहित नेवसा के समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Related Articles