विधायक विष्णु खत्री के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजे शहर एवं ग्रामीण के प्रमुख मार्ग

रिपोर्टर विनय पटेल

बैरसिया। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से सराबोर माहौल के बीच बैरसिया में विधायक विष्णु खत्री के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा थामे बड़ी संख्या में लोग मोटरसाइकिलों जीपों एवं पैदल तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत स्थानीय सांवलिया मंदिर से हुई। यहां से यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रास्तेभर तिरंगा थामे लोगों में खासा उत्साह नजर आया। युवाओं और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का जगह जगह हुआ स्वागत
तिरंगा यात्रा का नगर के अनेक धार्मिक सामाजिक राजनैतिक संगठनों के अलावा नगर की जनता ने पुष्प बर्षा कर जोरदार स्वागत किया।
विधायक बोले—तिरंगा हमारी आन, बान और शान
समापन अवसर पर विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के नीचे पूरा देश एकजुट होता है और हमें जाति, धर्म व क्षेत्र से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। आज की तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों के भीतर देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा युवा पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
विधायक ने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और राष्ट्र की प्रगति के लिए ईमानदारी व समर्पण के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि देश के वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए।




