भाटापारा विकासखंड में 10 अगस्त से एग्रीस्टैक पंजीयन शिविर का आयोजन

लाइव भारत 36न्यूज़ से रायपुर संभाग धीरेन्द्र साहू
किसानों को मिलेगी फार्मर आईडी
रायपुर -: बलौदाबाजार जिले के विकासखंड भाटापारा में किसानों को डिजिटल पहचान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एग्रीस्टैक पंजीयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर यह शिविर 10 से 24 अगस्त 2026 तक विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होगा। शिविर का समय सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर में पटवारी एवं कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे और किसानों की फार्मर आईडी मौके पर ही बनाई जाएगी। साथ ही किसानों की पंजीयन संबंधी शंकाओं और समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।
पंजीयन के लिए किसान को मूल आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। पंजीयन प्रक्रिया के दौरान आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर दो बार ओटीपी प्राप्त होगी, जिसके कारण भूमिस्वामी किसान की स्वयं की उपस्थिति जरूरी बताई गई है
एग्रीस्टैक केंद्र सरकार की डिजिटल कृषि पहल है, जिसके तहत प्रत्येक भूमिस्वामी किसान को एक यूनिक फार्मर आईडी प्रदान की जाएगी। कृषि विभाग के अनुसार कृषि भूमि रखने वाले प्रत्येक किसान के लिए पंजीयन आवश्यक है, चाहे उसके पास जमीन का रकबा कितना भी कम क्यों न हो।
फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को भविष्य में विभिन्न शासकीय कृषि योजनाओं, फसल बीमा और अन्य कृषि सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। इससे किसानों की पहचान और कृषि संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी।
कृषि विभाग ने सभी भूमिस्वामी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर अपने ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले शिविर में पहुंचकर फार्मर आईडी जरूर बनवाएं, ताकि भविष्य में शासन की कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
