छत्तीसगढ़

नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान की शुरुआत, बलौदाबाजार में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

धीरेन्द्र साहू

PM मोदी ने देशव्यापी अभियान की शुरुआत की, कहा- नशे से दूर रहकर देश का भविष्य संवारें, 100 सप्ताह तक चलेंगे कार्यक्रम
देश को साल 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशव्यापी “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया. बलौदाबाजार में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया.

बलौदाबाजार में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा हुए शामिल

कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने, समाज और परिवार को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई. इस अवसर पर युवाओं ने नशामुक्ति पर आधारित एक आकर्षक नाटिका प्रस्तुत कर यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है.

युवा बदलेंगे भारत की तस्वीर
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ रहे हैं और “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” अभियान उसी सोच का विस्तार है. उन्होंने कहा कि युवा यदि नशे से दूर रहेंगे तो वे अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग देश के विकास में कर सकेंगे.

नशा एक ऐसी बुराई है जो इंसान को अंदर से खोखला कर देती है. इसका असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार इसकी कीमत चुकाता है.भारत के इतिहास में जब भी परिवर्तन आया है, उसमें युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका रही है. इसलिए आज भी युवाओं को आगे आकर नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान का हिस्सा बनना होगा-टंकराम वर्मा,राजस्व मंत्री

Related Articles