कोरबा

दीपका बैंक सेंधमारी का खुलासा, हरियाणा से दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता, मोहन चौहान लाइव भारत 36 न्यूज, कोरबा

कोरबा। थाना दीपका पुलिस ने अपनी सतर्कता, सूझबूझ और उत्कृष्ट विवेचना का परिचय देते हुए यूनियन बैंक, प्रगतिनगर में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जप्त की है। इस सफलता को कोरबा पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को यूनियन बैंक, प्रगतिनगर के शाखा प्रबंधक ने थाना दीपका में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करने और चोरी का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना दीपका पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

दीपका पुलिस ने बिना समय गंवाए तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र एवं अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार प्रयास, सटीक रणनीति और प्रभावी समन्वय के चलते पुलिस टीम हरियाणा के रोहतक पहुंची और अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों जीतेन्द्र बड़क (33 वर्ष) एवं परवीन कुमार (36 वर्ष) को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार क्रमांक HR 12 AY 6504 भी जप्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की गई तथा न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि दीपका पुलिस संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूरी तत्परता और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य कर रही है। समयबद्ध जांच, सटीक तकनीकी विश्लेषण और अंतरराज्यीय स्तर पर की गई कार्रवाई ने पुलिस की कार्यशैली को नई पहचान दी है।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम थाना को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles