घटिया साइकिल वितरण पर बवाल: छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ बंद करे सरकार – बाघे

सारंगढ़। प्रदेश में छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गोपाल बाघे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्राओं को दी जा रही साइकिलें घटिया स्तर की हैं, जो न केवल जल्दी खराब हो रही हैं, बल्कि उनकी सुरक्षा के लिए भी खतरा बनती जा रही हैं।
उन्होंने मांग की कि तत्काल गुणवत्ता हीन साइकिलों का वितरण बंद किया जाए और छात्राओं को मजबूत एवं सुरक्षित साइकिल उपलब्ध कराई जाए। बाघे ने आरोप लगाया कि इस योजना में गुणवत्ता की अनदेखी कर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। वहीं, सरिया क्षेत्र के छात्रों एवं पालकों ने भी इन साइकिलों को लेने से इंकार कर दिया है, जिससे नाराजगी साफ देखी जा रही है।
बाघे ने बताया कि रायगढ़ जिले में भी इस मुद्दे को लेकर विरोध शुरू हो गया है। भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने भी घटिया साइकिल वितरण का कड़ा विरोध किया है। इसके बावजूद सरकार अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने के आरोपों के बीच चुप्पी साधे हुए है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के नाम पर छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही इस दिशा में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जावेगा।




