संदीपनी विद्यालय के सामने चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई

नोटिस के बावजूद नहीं हटाया कब्जा, गुमटियां हटाकर दिया सख्त संदेश
रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया। नगर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए संदीपनी ठाकुर लालसिंह बालक उच्चतर विद्यालय के सामने वर्षों से किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चला दिया। पूर्व सूचना और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर गुमटियों एवं अन्य अस्थायी कब्जों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि आम नागरिकों ने प्रशासन की पहल का स्वागत किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा संबंधित अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। समयावधि समाप्त होने के बाद भी कब्जा बरकरार रहने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आशुतोष शर्मा,तसीलदार दिलीप चौरसिया मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सक्सेना, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले ने व्यवस्थित रूप से गुमटियों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

एस डी एम आशुतोष शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्गों, शासकीय भूमि एवं विद्यालय परिसर के आसपास किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी गई। प्रशासन ने चेताया कि पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विद्यार्थियों और राहगीरों को मिलेगी राहत
स्थानीय नागरिकों के अनुसार विद्यालय के सामने अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता था तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अतिक्रमण हटने के बाद अब यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
नगरभर में जारी रहेगा अभियान
एस डी एम आशुतोष शर्मा ने साफ शब्दों में कहा हैं कि नगर क्षेत्र में जहां-जहां शासकीय भूमि या सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन की यह कार्रवाई अतिक्रमणकारियों के लिए सख्त चेतावनी और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




