सेवा, समर्पण और संगठन की त्रिवेणी बनी ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मरण पक्ष’ की श्रृंखला

संवाददाता मोहन चौहान लाइव भारत 36 न्यूज़
कोरबा/हरदीबाजार, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मरण पक्ष के अंतर्गत हरदीबाजार मंडल में आयोजित कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि भाजपा के लिए संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का सतत अभियान है। पूरे दिन चले कार्यक्रमों में डिजिटल सशक्तिकरण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा का ऐसा समन्वय देखने को मिला, जिसने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आमजन को भी प्रेरित किया।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के निर्देश एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती प्रीति स्वर्णकार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती मंजुला सिंह उपस्थित रहीं, जबकि जिला महामंत्री श्रीमती अनसुईया राठौर ने कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद हरदीबाजार के बूथ क्रमांक 213 में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण आयोजित हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं को डिजिटल तकनीक, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, संगठनात्मक संवाद तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

इसके उपरांत आंबेडकर चौक स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने परिसर की साफ-सफाई कर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और स्वच्छ समाज तथा सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

सेवा कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए बिंझवार बालक आश्रम, हरदीबाजार में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया गया। आश्रम में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बिस्किट, टॉफ़ी एवं मिठाइयों का वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। बच्चों के साथ आत्मीय संवाद ने कार्यक्रम को संवेदनशील और प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में जिला एवं मंडल के पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, बूथ पदाधिकारी तथा भाजपा महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।

हरदीबाजार में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि सेवा, संगठन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को जनमानस तक पहुंचाने का प्रभावी अभियान बनकर उभरा। यही कारण रहा कि पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण विशेष रूप से देखने को मिला।




