अधिवक्ता परिषद ने शासकीय कन्या उमावि बाराद्वार में मनाया संविधान दिवस

*युवा संविधान को केवल लहराएं नहीं, बल्कि इसे हृदयंगम कर सच्ची निष्ठा से पालन करें: अधिवक्ता चितरंजय पटेल*
**सक्ती।** भारतीय संविधान हर नागरिक के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान दौर में कुछ राजनीतिक दल संविधान के नाम पर राजनीति कर युवाओं को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में युवाओं को विचार करना होगा कि वे संविधान को केवल जंतर-मंतर पर लहराने के बजाय इसे हृदयंगम करें और सच्ची निष्ठा से इसका पालन सुनिश्चित करें, ताकि देश की एकता और अखंडता कायम रहे।
ये बातें अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद जिला अध्यक्ष तथा उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने मुख्य अतिथि की आसंदी से कहीं। वे अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद की जिला इकाई के मार्गदर्शन एवं तहसील अध्यक्ष मालिकराम यादव के प्रयास से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बाराद्वार में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।

**आपातकाल की याद दिलाकर साधा निशाना**
अधिवक्ता पटेल ने राजनीतिक दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिन लोगों ने आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकार छीनकर आवाज उठाने वालों को जेल में डाला और संविधान को तार-तार किया, वे आज किस मुंह से संविधान की रक्षा की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता प्राप्ति के लिए युवा शक्ति को भड़काया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान का भलीभांति अध्ययन करने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि देश को तथाकथित राष्ट्रविरोधी तत्वों और उनके राजनीतिक आकाओं से बचाया जा सके।
**असहाय लोगों को निःशुल्क न्याय का अधिकार: लीलेश्वर**
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित डिप्टी लीगल डिफेंस काउंसिल लीलेश्वर ने संविधान में निहित मूल अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संविधान के तहत प्रत्येक असहाय व्यक्ति को निःशुल्क न्याय पाने का अधिकार है, जिसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण का गठन किया गया है।
**प्रस्तावना का वाचन और ली गई शपथ**
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। प्रभारी प्राचार्य सम राठौर ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। मंच का सफल संचालन विजय चंद्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला मंत्री ठाकुर भूपेंद्र सिंह ने किया। समापन अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया और समस्त छात्राओं व शाला परिवार ने अपने मूल अधिकारों के साथ-साथ मूल कर्तव्यों के प्रति सदैव जागरूक रहने की शपथ ली।
इन पलों में विद्यालय परिवार के साथ ही अधिवक्ता संतोष के साथ ही बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल रहीं।




