मध्यप्रदेश

किसानों की बिजली समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने उठाई आवाज, बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा 13 सूत्रीय मांग पत्र

  • 3 दिन में जले ट्रांसफार्मर बदलने, प्रतिदिन 10 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली और बिजली चोरी के प्रकरण वापस लेने की प्रमुख मांग
  • बिजली विभाग के मुख्य सचिव एवं मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एमडी के साथ प्रकाश भवन में हुई महत्वपूर्ण बैठक
    भोपाल। प्रदेश के किसानों की बिजली संबंधी समस्याओं के स्थायी निराकरण को लेकर आज भारतीय किसान संघ (मध्यभारत ऊर्जा आयाम) के प्रतिनिधिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रकाश भवन, भोपाल में संपन्न हुई। बैठक में बिजली विभाग के मुख्य सचिव श्री मनीष सिंह, श्री विशेष गढ़पाले एवं मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक (MD) श्री ऋषि गर्ग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
    भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री महेश चौधरी, प्रदेश महामंत्री श्री चंद्रकांत गौड़, प्रांत संगठन मंत्री श्री भरत पटेल, बिजली आयाम प्रमुख श्री शैतान सिंह राजपूत, सह बिजली आयाम प्रमुख एवं संभागीय अध्यक्ष (ग्वालियर) श्री कल्याण सिंह यादव (बंटी भैया), महाकौशल प्रांत के प्रांत महामंत्री श्री प्रहलाद पटेल तथा मालवा प्रांत से उज्जैन संभाग अध्यक्ष श्री दशरथ सिंह शामिल हुए।
    संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय किसान संघ किसानों का, किसानों के लिए और किसानों द्वारा संचालित एक गैर-राजनीतिक, राष्ट्रवादी एवं राष्ट्रव्यापी संगठन है, जो गांवों के संपूर्ण विकास के लिए कार्य करता है। इसी उद्देश्य से मध्यभारत प्रांत के किसानों को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने और सिंचाई के लिए निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने हेतु 13 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।
    भारतीय किसान संघ की 13 प्रमुख मांगें:
  • जले ट्रांसफार्मर कंपनी बदले: OYT योजना के अंतर्गत किसानों के जले हुए ट्रांसफार्मर बिजली कंपनी स्वयं बदलकर उपलब्ध कराए, ताकि किसानों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।
  • RDSS योजना के कार्यों का पुनर्निरीक्षण: योजना के तहत हुए कार्यों का केवल मूल्यांकन करने के बजाय उनका भौतिक पुनर्निरीक्षण कराया जाए और खामियों को दूर कर विद्युत व्यवस्था सुधारी जाए।
  • 45 मीटर की बाध्यता समाप्त हो: किसानों की मांग व आवश्यकता के अनुरूप हॉर्स पावर (HP) एवं दूरी के आधार पर कनेक्शन दिए जाएं तथा 45 मीटर की अनिवार्य शर्त खत्म की जाए।
  • बिना सहमति बढ़ाई गई क्षमता वापस हो: किसानों की उपस्थिति व सहमति के बिना जिन कनेक्शनों की HP क्षमता बढ़ाई गई है, उन्हें तत्काल पूर्व स्थिति में किया जाए।
  • बिजली चोरी के प्रकरण वापस हों: किसानों के विरुद्ध दर्ज किए गए बिजली चोरी के प्रकरणों को बिना शर्त तत्काल वापस लिया जाए।
  • जर्जर विद्युत लाइनें दुरुस्त हों: टूटे, आड़े और टेढ़े विद्युत पोल बदले जाएं तथा ढीले लटकते तारों को जमीन से सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
  • 10 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली मिले: क्षेत्र की आवश्यकतानुसार किसानों को प्रतिदिन 10 घंटे निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली दी जाए। बिजली का शेड्यूल स्थानीय किसान संघ से चर्चा कर तय किया जाए।
  • डीसी (DC) स्तर पर ट्रांसफार्मर बैंक बने: प्रत्येक वितरण केंद्र (DC) स्तर पर ट्रांसफार्मर बैंक स्थापित कर कम से कम 10 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध रखे जाएं, ताकि खराब ट्रांसफार्मर 3 दिन के भीतर बदले जा सकें।
  • ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़े: जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर ओवरलोड हैं, वहां उनकी क्षमता वृद्धि की जाए अथवा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएं।
  • पीएम-कुसुम योजना में अस्थायी कनेक्शन की बाध्यता खत्म हो: सोलर पैनल लगाने हेतु पीएम-कुसुम योजना के पोर्टल पर पंजीयन के समय मांगे जा रहे अस्थायी बिजली कनेक्शन की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
  • स्मार्ट मीटर के बिलों की जांच हो: स्मार्ट मीटर लगने के बाद घरेलू बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतों को देखते हुए मीटर की गणना और बिलिंग व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
  • उद्यानिकी किसानों को 24 घंटे बिजली मिले: उद्यानिकी (बागवानी) करने वाले किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार मीटर सहित 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने वाले कनेक्शन प्रदान किए जाएं।
  • अघोषित बिजली कटौती बंद हो: ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाकर किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
    भारतीय किसान संघ ने बिजली विभाग के शीर्ष अधिकारियों से इन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध निराकरण करने की अपेक्षा जताई है। संगठन का कहना है कि कृषि, सिंचाई और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए विद्युत व्यवस्था में सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
    जारीकर्ता:
    मीडिया प्रभारी / कार्यालय
    भारतीय किसान संघ, मध्यभारत प्रांत (भोपाल)