जिला बलौदाबाजार

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की बड़ी उपलब्धि : 11,700 बालिकाओं का हुआ HPV टीकाकरण

लाइव भारत 36न्यूज़ से रायपुर संभाग धीरेन्द्र साहू

रायपुर -: जिला बलौदा बाजार भाटापारा में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बेटियों को सुरक्षित रखने की दिशा में छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे HPV टीकाकरण अभियान को लगातार गति मिल रही है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 66 हजार से अधिक पात्र 14 वर्षीय बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने 15,300 के लक्ष्य के मुकाबले 11,700 बालिकाओं का टीकाकरण कर 77 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

खास बात यह है कि,HPV टीकाकरण अभियान 30 अगस्त तक जारी रहेगा। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि, अभियान की शेष अवधि में टीकाकरण का प्रतिशत और बढ़ेगा तथा जिले को निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में सफलता मिलेगी।

जागरूकता से दूर हुई अभिभावकों की झिझक

अभियान की शुरुआत में कई अभिभावकों के मन में HPV वैक्सीन की सुरक्षा, आवश्यकता और प्रभावशीलता को लेकर सवाल और झिझक थी। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्कूलों, समुदायों और अभिभावकों के बीच लगातार संवाद कर वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूल प्रबंधन और स्थानीय समुदाय के समन्वित प्रयासों से बड़ी संख्या में पात्र बालिकाएं टीकाकरण अभियान से जुड़ीं हुई है।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अहम कदम

एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण को सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार HPV वैक्सीन इस संक्रमण से बचाव का प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थाओं ने भी HPV वैक्सीन की सुरक्षा और प्रभावशीलता को मान्यता दी है।

बलौदाबाजार-भाटापारा टीकाकरण में प्रदेश में तीसरा स्थान

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की 77 प्रतिशत टीकाकरण उपलब्धि और प्रदेश में तीसरा स्थान स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले और जागरूकता अभियान की सफलता को दर्शाता है। अब अभियान की नजर शेष पात्र बालिकाओं तक पहुंचने और 30 अगस्त तक जिले के 100 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करना है।

Related Articles