कुष्ठ रोग की जानकारी एवं लक्षण मिलते ही मरीज तत्काल उपचार कराएं
महासमुंद 31 जनवरी 2022/ राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर रविवार 30 जनवरी को कुष्ठ निवारण दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित कुष्ठ कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला स्काउट गाइड के जिलाध्यक्ष श्री दाऊलाल चंद्राकर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर गांधीजी के अहिंसात्मक एवं अन्य विचारों तथा कुष्ठ रोगियों के प्रति सेवा भावना के प्रति उनके कार्यों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया और कहा कि आज के सन्दर्भ में भी गांधीजी के आदर्शों का सभी नागरिकों को अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान सेवानिवृत्त श्री प्रमोद तिवारी ने कुष्ठ कार्यक्रम एवं एमडीटी उपचार के संबंध में जानकारी दी। इसके अलावा अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह ने बताया कि कुष्ठ की जानकारी एवं लक्षण मिलते ही मरीजों को तत्काल उपचार कराना चाहिए। लोगों को कुष्ठ रोगियों के प्रति भेदभाव नहीं करना चाहिए। कुष्ठ रोग भी अन्य रोगों की तरह ही एक सामान्य बीमारी है जो एमडीटी उपचार से ठीक हो जाता है।
लोचन चौधरी…